आगरा। पुलिस कमिश्नरेट साइबर क्राइम के खिलाफ लगातार एक्शन ले रही है. साइबर क्रिमिनल की कमर तोड़ने के लिए मोबाइल फोन के इंटरनेशनल मोबाइल इक्विपमेंट आईडेंटिटी (IMEI) को ब्लॉक करा रही है. बीते 5 महीने में पुलिस ने 34 हजार से अधिक मोबाइल फोन का IMEI ब्लॉक कराया है. साथ ही 3360 SIM भी निष्क्रिय कराए गए हैं.

साइबर क्रिमिनल हर दिन नए तरीके से साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं. कभी निवेश के बाद मोटे मुनाफे का झांसा देकर तो कभी ऑफर का झांसा देकर लोगों को जाल में फंसाया जाता है.

इसके साथ ही डिजिटल अरेस्ट और लॉटरी का झांसा देकर ठगी की जाती है. शिकायत पर जब तक पुलिस कार्रवाई करती है, तब तक साइबर क्रिमिनल अपनी सिम बदल देते हैं.

डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया कि साइबर क्रिमिनल जिस मोबाइल नंबर से साइबर क्राइम या साइबर फ्रॉड करके सिम बदल देते हैं. इसके बाद नई सिम खरीदकर दूसरे लोगों को ठगी के जाल में फंसाते हैं.

ऐसे में आगरा पुलिस कमिश्नरेट की साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना की पुलिस टीमें अब साइबर क्रिमिनल के सिम से उनके मोबाइल के IMEI का डाटा जुटा रही हैं. पुलिस के साइबर एक्सपर्ट की टीमें लगातार साइबर क्रिमिनल के मोबाइल की IMEI नंबर्स का डाटा बनाकर काम कर रही हैं.

अब तक 50 हजार मोबाइल बंद कराए: डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया कि साइबर क्रिमिनल के मोबाइल फोन के जो IMEI नंबर्स मिलते हैं, उन्हें संबंधित कंपनियों को भेजते हैं. इससे कंपनियां साइबर ठगी में शामिल मोबाइल फोन के IMEI नंबर्स को ब्लॉक कर देती हैं.

बीते साल के अगस्त से सितंबर महीने तक आगरा पुलिस ने साइबर क्रिमिनल के 7 हजार से अधिक मोबाइल फोन के IMEI नंबर ब्लॉक कराए. दिसंबर 2025 तक आगरा पुलिस 50 हजार से अधिक मोबाइल फोन IMEI नंबर्स ब्लॉक करा चुकी है. जनवरी 2026 से मई 2026 तक आगरा पुलिस ने 34 हजार मोबाइल फोन के IMEI नंबर ब्लाक कराएं हैं.

ब्लॉक कराए IMEI नंबर
जनवरी 2026 में 8027
फरवरी 2026 में 8608
मार्च 2026 में 9568
अप्रैल 2026 में 3569
मई 2026 में 4296
इन राज्यों के मोबाइल कराए ब्लॉक: डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया कि आगरा पुलिस ने साइबर क्रिमिनल की कमर तोड़ने के लिए उनके मोबाइल फोन के IMEI नंबर ब्लॉक कराए हैं.

यह मोबाइल फोन झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, हरियाणा, राजस्थान के साथ ही यूपी में आगरा और आसपास के जिलों के हैं. इससे साइबर क्रिमिनल के नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिली है.

मोबाइल फोन के IMEI नंबर ब्लॉक होने से साइबर क्राइम के ग्राफ में कमी दिख रही है. इस दिशा में लगातार टीमें अलग अलग बिंदुओं पर काम कर रही हैं, जिससे साइबर क्राइम और साइबर क्रिमिनल पर लगाम लगाई जा सके.

3360 SIM भी ब्लॉक: डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह ने बताया कि साइबर थाना पुलिस और साइबर सेल टीमों ने मोबाइल फोन के IMEI नंबर ब्लॉक कराने के साथ ही सिमें भी बंद कराई हैं. जिनसे कॉल करके लोगों से ठगी की जा रही थी.

बीते 5 महीने में आगरा पुलिस ने 3360 सिमें बंद कराई हैं. जनवरी 2026 में 969, फरवरी 2026 में 982, मार्च 2026 में 455, अप्रैल 2026 में 450, मई 2026 में कुल 509 सिम डिएक्टिवेट कराए गए हैं.

साइबर ठगी से बचाव के टिप्स

किसी भी अनजान कॉल करने वाले को बैंक की डिटेल्स न दें.
किसी भी अनजान मोबाइल नंबर से आए मैसेज पर भेजे लिंक का ना खोलें.
मोबाइल पर किसी अनजान को बैंक डिटेल्स और OTP की जानकारी न दें.
मेट्रिमोनियल या सोशल साइट्स पर अनजान लोगों से रुपए का लेनदेन न करें.
किसी भी संदिग्ध वेबसाइट पर निवेश या भुगतान करने से पहले जांच करें.
किसी भी तरह की ठगी होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें.
साइबर क्राइम की शिकायत अपने नजदीकी थाना पुलिस से करें.

- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).