अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमले के बाद से ही हर किसी के दिल में डर सा बैठ गया है। लगातार तबाही की खबरों ने सबको बेचैन कर दिया है। ऐसे में बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां इस संकट में फंस गई हैं। जहां कई सेलेब्स हवाई यात्रा पूरी तरह से बंद होने के कारण एयरपोर्ट पर अटकी हुई हैं, वहीं नरगिस फाखरी जैसी एक्ट्रेस दुबई में 'हाई अलर्ट' की स्थिति में रहने पर बात कर रही हैं।
फिल्म 'रॉकस्टार' की एक्ट्रेस नरगिस फाखरी अपने पति टोनी बेग के साथ दुबई में रहती हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ड्रोन और मिसाइल हमलों के खतरे के बीच अपनी मानसिक स्थिति के बारे में खुलकर बताया। नरगिस ने खुलासा किया कि उन्हें नींद नहीं आ रही है और लगातार अनिश्चितता के कारण उनका दिमाग 'हाई अलर्ट' पर है। इससे पहले एक इंस्टाग्राम स्टोरी में फाखरी ने लिखा था, 'पिछले दो दिन बहुत ही मुश्किल भरे रहे हैं।' 
नरगिस फाखरी सो नहीं पाईं
एक और पोस्ट में, नरगिस फाखरी ने लिखा, 'चाहे कुछ भी हो जाए, चिंता और भय की यह भावना बनी रहती है क्योंकि आपको पता ही नहीं होता कि आगे क्या होने वाला है। नींद भी नहीं आती, दिमाग हमेशा अलर्ट रहता है। बहुत रात हो गई है और मैं पूरी तरह से जाग रही हूं।'
बंगाली एक्ट्रेस सुभाश्री भी फंसीं
वहीं, फेमस बंगाली एक्ट्रेस सुभाश्री गांगुली और उनका बेटा दुबई में फंसे लोगों में शामिल हैं। उनके पति, निर्देशक और तृणमूल कांग्रेस के विधायक राज चक्रवर्ती ने कोलकाता में मीडिया से इस स्थिति के बारे में बात की। राज ने बताया कि संघर्ष शुरू होने के समय सुभाषश्री अपने नाबालिग बेटे के साथ दुबई में छुट्टियां मना रही थीं। उन्होंने कहा, 'वे एक होटल में सुरक्षित हैं। हम बहुत चिंतित हैं, हालांकि दुबई में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित है। देखते हैं हवाई सेवाएं कब दोबारा शुरू होती हैं।'
कौन हैं सुभाषश्री?
सुभाषश्री बंगाली सिनेमा में एक जाना-पहचाना नाम हैं और उन्हें इंडस्ट्री की सबसे अधिक फीस लेने वाली हीरोइनों में से एक माना जाता है। उन्होंने 'चैलेंज', 'परान जाई जलिया रे', 'लावो गौरांगेर नाम रे', 'गृहप्रवेश' और 'धूमकेतु' जैसी कई सफल बंगाली फिल्मों में अभिनय किया है।
ईशा गुप्ता और सोनल चौहान भी फंसीं
एक्ट्रेसेस ईशा गुप्ता और सोनल चौहान भी उन हजारों यात्रियों में शामिल थीं, जिनकी भारत वापसी 700 से अधिक उड़ानों के रद्द होने के कारण रुक गई है। ईशा ने फंसे हुए लोगों को खाने, होटल में ठहरने और एयरपोर्ट तक परिवहन की सुविधा देने के लिए यूएई सरकार और रक्षा मंत्रालय (@modgovae) की सराहना की। उन्होंने फैंस को आश्वस्त किया कि स्थिति डरावनी है, लेकिन अधिकारी संकट को शांति से संभाल रहे हैं। 
नरगिस फाखरी की फिल्में
वर्कफ्रंट की बात करें, नरगिस फाखरी को आखिरी बार 'हाउसफुल 5' में कांची और 'मस्ती 4' में मेनका के रूप में देखा गया था। उन्हें रणबीर कपूर के साथ 'रॉकस्टार' में काम करके बहुत बड़े लेवल पर सफलता मिली थी, लेकिन वो अब कुछ गिनी-चुनी फिल्में ही करती हैं।
तेजी पकड़ता जा रहा युद्ध
इस बीच अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के कारण जारी युद्ध और भी तेज होता जा रहा है, जिसके बाद जवाबी मिसाइल और ड्रोन हमले हो रहे हैं। लोगों के लिए हवाई यात्रा फिलहाल बंद कर दी गई है, जिस कारण दुनिया भर में फ्लाइट्स रद्द हो रही हैं। नए अपडेट में, कई फोटोज इंटरनेट पर सामने आ रही हैं, जिनमें ड्रोन से ली गई तस्वीरों में दुबई के कुछ हिस्सों के ऊपर घना काला धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).