बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है। नामांकन खारिज होने की जानकारी मिलते ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव पटना कलेक्ट्रेट पहुंचे और निर्वाची पदाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
तेज प्रताप ने लगाया साजिश का आरोप
निर्वाची पदाधिकारी से मिलने के बाद तेज प्रताप यादव ने मीडिया से कहा कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार के साथ साजिश की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर वीणा मानवी का नामांकन रद्द कराया गया है। तेज प्रताप ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और इस फैसले को अदालत में चुनौती दी जाएगी। उन्होंने कहा, "हम कोर्ट जाएंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। हमारी उम्मीदवार के साथ अन्याय हुआ है और हमें न्याय जरूर मिलेगा।" 
नामांकन के बाद हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, वीणा मानवी ने 13 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जनशक्ति जनता दल की ओर से नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद पटना पुलिस ने उन्हें एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के विरोध में उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा भी किया। हालांकि, देर शाम उन्हें अदालत से जमानत मिल गई थी। 
हलफनामे में जानकारी छिपाने का आरोप
बताया जा रहा है कि वीणा मानवी ने अपने नामांकन के साथ जमा किए गए हलफनामे में अपने खिलाफ दर्ज एक आपराधिक मामले की जानकारी नहीं दी थी। इसी वजह से उनका नामांकन रद्द कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2009 के एक मामले (837/2009) में वीणा मानवी को पहले ही अदालत से जमानत मिल चुकी थी, लेकिन इस मामले का उल्लेख हलफनामे में नहीं किया गया। निर्वाचन अधिकारियों ने इसी आधार पर उनका नामांकन निरस्त कर दिया।
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).