रिपोर्ट : LegendNews
लोककल्याण के लिए पृथ्वी पर अवतरित हुए थे ब्रह्मर्षि देवरहा बाबा: बड़े सरकार
मांट (मथुरा)। देवरहा बाबा समाधि स्थल पर ब्रह्मर्षि योगी सम्राट देवरहा बाबा का त्रिदिवसीय 36 वां योगिनी एकादशी वार्षिक पुण्य स्मृति महोत्सव अत्यंत श्रद्धा व धूमधाम से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ प्रारम्भ हो गया है।महोत्सव का शुभारम्भ आश्रम के अध्यक्ष योगीराज देवदास महाराज (बड़े सरकार) ने ब्रह्मलीन देवरहा बाबा महाराज की प्रतिमा व उनकी समाधि का वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पुष्पार्चन करके किया।साथ ही उन्होंने इस अवसर पर आयोजित संत-विद्वत सम्मेलन में कहा कि हमारे सदगुरुदेव देवरहा बाबा महाराज युगपुरुष थे।देश व समाज के लिए उनके एक नही अपितु अनेकों कीर्तिमान हैं।पृथ्वी पर उनका अवतरण लोककल्याण के लिए हुआ था।
श्रीमज्जगद्गुरु पीपाद्वाराचार्य बाबा बलरामदास देवाचार्य महाराज एवं घमंड देवाचार्य पीठाधीश्वर स्वामी वेणुगोपाल देवाचार्य महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन संत देवरहा बाबा महाराज परम् सिद्ध व अत्यंत चमत्कारी संत थे। इसीलिए उनके दर्शन के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोगों का तांता लगा रहता था।
श्रीराधा उपासना कुंज के महंत बाबा संतदास महाराज एवं महंत रामकेवल दास महाराज ने कहा कि योगी सम्राट देवरहा बाबा महाराज ने अपनी दिव्य व अलौकिक शक्तियों से प्रकृति तक पर विजय प्राप्त की हुई थी।
प्रख्यात साहित्यकार "यूपी रत्न" डॉ. गोपाल चतुर्वेदी एवं महंत शिवदत्त प्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा योगीराज देवरहा बाबा महाराज पहले देश के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग महीनों में अलग-अलग जगह मचान बनाकर रहा करते थे। परन्तु बाद में वे राधा-कृष्ण के स्वप्नादेश पर स्थाई रूप से श्रीधाम वृन्दावन में ही यमुना किनारे मचान बनाकर रहने लगे।उन्होंने यहां रहकर असंख्य व्यक्तियों का कल्याण किया।
महामंडलेश्वर स्वामी परमेश्वर दास त्यागी महाराज एवं महंत स्वामी अभयेश्वर प्रपन्नाचार्य महाराज ने कहा कि ब्रह्मर्षि देवरहा बाबा महाराज को ब्रजवासी कृष्ण भक्त अत्यधिक प्रिय थे।वे सदैव प्रत्येक ब्रजवासी में भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन करते थे।
संत-सम्मेलन में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष एवं ब्रह्मर्षि देवरहा बाबा महाराज के परम् कृपापात्र शैलजाकांत मिश्र, चतु: सम्प्रदाय के श्रीमहंत फूलडोल बिहारीदास महाराज, बेरियावन आश्रम के महंत रामचन्द्र दास महाराज (मौनी जी), महंत काशीदास महाराज, महंत सीताराम दास महाराज (चित्रकूट), ब्रज अकादमी की सचिव साध्वी डॉ. राकेश हरिप्रिया, भागवताचार्य गोपाल भैया महाराज, आध्यात्मिक पत्रकार डॉ. राधाकांत शर्मा, महंत लाड़ली दास महाराज, सन्त बालकृष्ण दास महाराज, महंत रसराज दास महाराज, संत सेवानंद ब्रह्मचारी, महंत श्याम दास महाराज आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन महंत शिवदत्त प्रपन्नाचार्य महाराज ने किया।इस अवसर महामंडलेश्वरों, श्रीमहंतों, महंतों और विद्वानों आदि का सम्मान किया गया।
- Legend News

Recent Comments