किसी जमाने में जी-7 का हौवा हुआ करता था. जी-7 के मंच से 7 लोग जो बोल देते थे, वह पत्थर की लकीर हो जाता था. लेकिन आज वक्त बदल गया है. जी-7 के बगैर दुनिया का काम नहीं चलेगा, ये गुजरे जमाने की बात है. आज ग्लोबल ऑर्डर यानी न्यू वर्ल्ड ऑर्डर इंडिया-सेंट्रिक हो गया है. ये बयान है जी-7 समिट में शामिल होने पहुंचे कनाडा के पीएम मार्क कार्नी का. उनके मुताबिक मोदी की अगुवाई वाले भारत को साथ लिए बगैर किसी भी मंच का काम नहीं चल सकता. यानी कोई भी हिंदुस्तान को लाइक करे या न करे, उसे इग्नोर नहीं कर सकता. 
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी (Mark Carney) ने कहा है कि जी 7 देशों का समूह अब दुनिया को पहले की तरह नियंत्रित नहीं करता. उन्होंने कहा कि जी-7 शिखर सम्मेलन में भारत जैसे देशों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि वैश्विक शक्ति संतुलन बदल रहा है और दुनिया एक नई व्यवस्था की ओर बढ़ रही है. 
वैश्विक चुनौतियों का समाधान केवल सात विकसित देशों के बूते नहीं: कार्नी
कार्नी ने यूरोप दौरे के बीच एक कार्यक्रम में कहा कि अगर कभी जी-7 दुनिया को चलाता भी था, तो अब वो स्थिति नहीं रही. आज भारत और अन्य साझेदार देशों को जी-7 समिट में आमंत्रित करना इस बात की स्वीकारोक्ति है कि वैश्विक चुनौतियों का समाधान केवल सात विकसित देशों के बूते नहीं है. 
अपने भाषण में आगे उन्होंने ये भी कहा, 'आज की दुनिया में सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), आपूर्ति श्रृंखलाओं, ऊर्जा और आर्थिक स्थिरता जैसे मुद्दों पर व्यापक अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता है. ऐसे में भारत जैसे देशों के विचार और अनुभव बेहद महत्वपूर्ण हो जाते हैं. दुनिया में शक्ति का केंद्र बदल रहा है और उभरती अर्थव्यवस्थाएं वैश्विक फैसलों में अधिक प्रभावशाली भूमिका निभा रही हैं. यही कारण है कि जी-7 को अब अपने पारंपरिक दायरे से बाहर निकलकर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करनी पड़ रही है.'  
पीएम मोदी का बयान
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि भारत इस मंच पर केवल अपने हितों की नहीं, बल्कि ग्लोबल साउथ यानी विकासशील देशों की आकांक्षाओं और चिंताओं की भी आवाज उठाएगा. दुनिया के तमाम जियोपॉलिटिकल एक्सपर्ट्स का ये मानना है कि भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में उसकी भूमिका और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर बढ़ते प्रभाव के कारण अब उसे विश्व राजनीति में एक प्रमुख शक्ति के रूप में देखा जा रहा है. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).