भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने विपक्षी दलों के सांसदों से मुलाकात करने से इंकार कर दिया है. सीजेआई ने मुलाकात न कर पाने के पीछे कुछ कारण भी दिए हैं, लेकिन पत्र की गोपनीयता का हवाला देते हुए उन्होंने इन्हें सार्वजनिक करने से इंकार कर दिया.
मीडिया से बातचीत के दौरान सीजेआई सूर्यकांत ने सोमवार को कहा, मुझे कल उनका (विपक्ष) पत्र मिला था. मैंने उसका कल रात में ही जवाब दे दिया है. मैंने कुछ कारण दिए हैं, जिनके आधार पर अपनी असमर्थता व्यक्त की है कि मैं मिल नहीं पाऊंगा.
सीजेआई सूर्यकांत से वन नेशन-वन इलेक्शन पर गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के सुप्रीम कोर्ट दौरे को रद्द किए जाने के बारे में भी सवाल किया गया.
इस पर उन्होंने कहा, उस मामले (वन नेशन-वन इलेक्शन जेपीसी की बैठक) में अदालत में हितों के टकराव की स्थिति पैदा होने की संभावना थी. इसी वजह से हमने प्रशासनिक स्तर पर इस पर चर्चा की. मेरे वरिष्ठ न्यायिक साथियों और मेरी एक राय थी कि हमें हितों के किसी भी टकराव से बचना चाहिए.
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को बताया था कि उन्होंने और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सीजेआई सूर्यकांत से मुलाकात के लिए पत्र लिखकर समय मांगा था.
हालांकि, सीजेआई ने अब विपक्षी सांसदों से मिलने में असमर्थता जताई है. 
हर वकील को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने का अधिकार: CJI 
सूर्यकांत ने सोमवार को कहा कि हर वकील को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने का अधिकार है.
उन्होंने यह टिप्पणी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ दिल्ली में हुए प्रदर्शनों के दौरान वकीलों को हिरासत में लिए जाने और पुलिस की कथित ज्यादतियों से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान की.
वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने सीजेआई की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष इस मामले का उल्लेख किया.
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान वकीलों के ख़िलाफ़ पुलिस ने कार्रवाई की और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी कोई आदेश सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है.
लाइव लॉ के मुताबिक़ शंकरनारायणन ने पीठ से पुलिस को संयम बरतने का निर्देश देने की मांग की.
उन्होंने कहा, वरिष्ठ वकीलों को सड़कों पर घसीटा जा रहा है, वकील फरासत को सड़कों पर घसीटा गया. यह बहुत ग़लत और शर्मनाक था. ऐसा नहीं होना चाहिए था. आपने हमसे संयम बरतने के लिए कहा कि. मुझे उम्मीद है कि एक बार आप पुलिस से भी यही कहेंगे. अब तक इस पीठ की ओर से ऐसा नहीं कहा गया है. मुझे उम्मीद है कि ऐसा होगा. क्योंकि पुलिस जिस तरह की ज्यादतियों को होने दे रही है... गुंडे खुलेआम घूम रहे हैं और बच्चों पर हमला कर रहे हैं.
शंकरनारायणन ने अदालत से इस मामले को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के ख़िलाफ़ प्रदर्शन से जुड़े अन्य मामले के साथ मंगलवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया.
वरिष्ठ अधिवक्ता ने आगे आरोप लगाया कि कुछ निजी तत्व प्रदर्शनकारियों पर हमले कर रहे हैं और पुलिस उन्हें रोकने के लिए कार्रवाई नहीं कर रही है.
इस पर सीजेआई ने मामले को मंगलवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).