दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारे में प्रदर्शन और कथित तौर पर धार्मिक स्थल की मर्यादा भंग करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की शिकायत पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। कमेटी ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पार्टी के विधायकों, कार्यकर्ताओं और दूसरे लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। 
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से 11 अक्टूबर को पुलिस आयुक्त, दिल्ली पुलिस के नाम शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद संसद मार्ग थाने में दी गई थी। कमेटी ने अपनी शिकायत में गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में कथित तौर पर विरोध प्रदर्शन करने और उसके बाद भ्रामक वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया था। इसी शिकायत के आधार पुलिस ने केस दर्ज किया है। 
कमेटी का आरोप है कि आम आदमी पार्टी से जुड़े कुछ कार्यकर्ता और समर्थक कथित तौर पर गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हो गए, और वहां राजनीतिक विरोध प्रदर्शन किया गया। शिकायत के अनुसार प्रदर्शन के दौरान राजनीतिक नारे लगाए गए, जिससे गुरुद्वारे का धार्मिक माहौल भी प्रभावित हो गया।
कमेटी ने क्या कहा ?
कमेटी का कहना है कि गुरुद्वारा एक पवित्र धार्मिक स्थल है, जिसका इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों के लिए नहीं किया जाना चाहिए। शिकायत में कहा गया कि गुरुद्वारा प्रबंधन और सेवादारों ने हालात को शांत रखने और परिसर की मर्यादा बनाए रखने के लिए दखल दिया। 
सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अपनी शिकायत के साथ कुछ वीडियो भी पुलिस को देने की बात कही है। कमेटी ने मांग उठाई है कि इन वीडियो के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान की जाए।
इसके अलावा यह भी पता लगाया जाए कि प्रदर्शनकारियों को गुरुद्वारे में किसने बुलाया और किसके निर्देश पर यह गतिविधि की गई है। कमेटी ने मामले में शामिल लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है। 
पुलिस करेगी जांच
शिकायत में अरविंद केजरीवाल के साथ आम आदमी पार्टी के विधायकों, कार्यकर्ताओं और दूसरे लोगों का नाम शामिल है, हालांकि शिकायत में नाम होने का मतलब यह नहीं है कि सभी के खिलाफ आरोप साबित हो गए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि घटना में किसकी क्या भूमिका थी. फिलहाल, इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).