रिपोर्ट : LegendNews
फिर विवाद में फंसी हॉलीवुड अभिनेत्री सिडनी स्वीनी, इस बार विज्ञापन से जुड़ा मामला
हॉलीवुड अभिनेत्री सिडनी स्वीनी एक बार फिर चर्चा में हैं। मामला एक स्पोर्ट्स प्रेडिक्शन कंपनी के विज्ञापन से जुड़ा है। विज्ञापन में स्वीनी को खेलों के सामान के साथ बेहद कम कपड़ों में दिखाया गया। ये पहली बार नहीं है जब वे किसी विवाद में फंसी हैं। उनके विज्ञापन और सार्वजनिक छवि कई बार बहस का विषय बन चुकी है।
कौन हैं सिडनी स्वीनी?
सिडनी स्वीनी का जन्म 12 सितंबर 1997 को हुआ। वह अमेरिकी अभिनेत्री हैं और शुरुआती दौर में 'इन द वॉल्ट' और 'एवरीथिंग सक्स!' जैसी सीरीज में नजर आईं। इसके बाद 'शार्प ऑब्जेक्ट्स', 'द हैंडमेड्स टेल', 'यूफोरिया' और 'द व्हाइट लोटस' ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई। 'यूफोरिया' में उन्होंने कैसी हॉवर्ड और 'द व्हाइट लोटस' में ओलिविया मॉसबाकर का किरदार निभाया। 2022 में दोनों सीरीज के लिए उन्हें अलग-अलग एमी नामांकन मिले। बड़े पर्दे पर उन्होंने 'वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड', 'द वॉयअर्स', 'रियलिटी', 'इमैक्युलेट' और 'एनीवन बट यू' जैसी फिल्मों में काम किया।
ताजा विवाद क्या है?
ताजा विवाद एक स्पोर्ट्स प्रेडिक्शन कंपनी के 42 सेकंड के विज्ञापन से जुड़ा है। इस वायरल विज्ञापन में स्वीनी को बिना कपड़ों के फुटबॉल, बास्केटबॉल और दूसरे खेलों के सामान से ढका हुआ दिखाया गया है। वह लोगों से खेलों पर भविष्यवाणी करने की बात करती हैं और विज्ञापन में नौ बार 'स्पोर्ट्स' शब्द का इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद एक दृश्य में वह पूल टेबल पर टॉपलेस दिखाई देती हैं और कहती हैं कि दर्शक उस पर कारोबार नहीं कर सकते, क्योंकि वह यहां सिर्फ अच्छी दिख रही हैं। विज्ञापन रिलीज होने के पहले पांच दिनों में 4.5 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया। साथ ही उन्होंने दो दिन पहले इस कैंपने से जुड़ी 10 तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की हैं, जिसे अब तक 22 लाख लाइक्स मिल चुके हैं। स्वीनी के इंस्टाग्राम पर 2.57 करोड़ फॉलोअर्स हैं।
विज्ञापन के सामने आने के बाद महिला खिलाड़ियों ने सवाल उठाया कि महिलाओं के खेल को आखिर किस नजरिए से पेश किया जा रहा है। आलोचकों के मुताबिक, महिलाओं के खेल की पहचान उनकी ताकत, प्रशिक्षण, उपलब्धियों और संघर्ष से होनी चाहिए, लेकिन इस विज्ञापन में खेल को महिला शरीर और यौन आकर्षण के साथ जोड़ दिया गया।
विरोध करने वालों ने क्या कहा?
ब्रिटिश धावक एमी हंट, जिन्होंने हाल में चार यूरोपीय चैंपियनशिप स्वर्ण पदक जीते हैं, ने विज्ञापन की आलोचना की। उन्होंने सिडनी स्वीनी को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं के खेल की असली तस्वीर मांसपेशियां, मेहनत, खून, पसीना और आंसू हैं।
ऑस्ट्रेलिया की चार बार की ओलंपिक स्विमिंग चैंपियन एरियर्न टिटमस ने कहा कि इसे देखकर वह अपनी नाराजगी शब्दों में बयान नहीं कर सकतीं। यह हर उस महिला के लिए अपमानजनक है, जिसने अपने खेल को बेहतर बनाने में पूरी जिंदगी लगा दी।
अमेरिकी जिमनास्ट ग्रेसी क्रेमर ने अपना प्रशिक्षण और प्रतियोगिता का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और यह दिखाने की कोशिश की कि महिला खिलाड़ी की असली पहचान उसके शरीर के प्रदर्शन से नहीं, बल्कि उसके खेल और मेहनत से होती है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स का कहना है कि महिला खेल तेजी से पेशेवर हो रहे हैं। लीगों का विस्तार हो रहा है, दर्शकों और स्टेडियम में पहुंच बढ़ रही है और कई महिला खिलाड़ियों के पास सोशल मीडिया के जरिए बड़ी संख्या में दर्शकों तक सीधे पहुंचने की ताकत है। जब महिला खिलाड़ियों के पास अपनी पहचान बनाने के लिए उपलब्धियां और मंच दोनों मौजूद हैं, तो विज्ञापन कंपनियां अब भी महिला शरीर और यौन आकर्षण का सहारा क्यों ले रही हैं।
सिडनी स्वीनी ने क्या जवाब दिया?
स्वीनी ने आलोचनाओं पर सीधे कोई बयान नहीं दिया। इसके बजाय उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ ऐसी तस्वीरें साझा कीं, जिनमें सेरेना विलियम्स, मेगन रैपिनो और सू बर्ड जैसी महिला खिलाड़ियों के अलावा पुरुष खिलाड़ी भी कम या बिना कपड़ों में मैगजीन फोटोशूट करते नजर आए। इस पोस्ट को उनके विज्ञापन की आलोचना करने वालों के लिए अप्रत्यक्ष जवाब के तौर पर देखा गया।
स्पोर्ट प्रेडिक्शन कंपनी का क्या कहना है?
कंपनी का कहना है कि स्वीनी लोगों का ध्यान खींचने और चर्चा का केंद्र बनने में सक्षम हैं और विज्ञापन इसी वजह से राष्ट्रीय बहस का हिस्सा बना। उन्होंने यह भी बताया कि स्वीनी सिर्फ विज्ञापन में दिखाई देने वाली अभिनेत्री नहीं हैं। वह कंपनी की रणनीतिक साझेदार और इक्विटी होल्डर भी हैं।
मार्केटिंग विशेषज्ञों ने इसे कैसे देखा?
पब्लिक रिलेशन सलाहकार मार्क बोर्कोव्स्की ने द गार्डियन को बताया कि विज्ञापन को व्यावसायिक फायदे के लिए जानबूझकर बनाया गया अश्लीलता की ओर झुकता विज्ञापन बताया। हालांकि उनका मानना है कि विवाद से कंपनी को बड़ा फायदा हो सकता है।
-Legend News

Recent Comments