रिपोर्ट : LegendNews
कोसीकलां में भीषण सड़क हादसा: पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत, तीन घायल
मथुरा के कोसीकलां में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटवन चौकी के समीप एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब इटावा सिरसागंज से यह परिवार भतीजी की गोद भराई की रस्म पूरी कर घर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेजा।
इटावा के सिरसागंज से एक परिवार अपनी भतीजी की गोद भराई के समारोह में शामिल होने गया था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद कार सवार सभी लोग वापस मानेसर के लिए लौट रहे थे। वैगनआर कार में 55 वर्षीय रमाशंकर, उनका बेटा अमन, पत्नी शकुंतला, बेटा अभिषेक और एक पारिवारिक मित्र पप्पू सवार थे।
मंगलवार की सुबह तकरीबन सात बजे जैसे ही इनकी वैगनआर कार कोसीकलां थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कोटवन चौकी के निकट पहुंची, तभी भीषण हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।
दिल दहला देने वाले हादसे में रमाशंकर और उनके बेटे अमन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला और हॉस्पिटल पहुंचाया। जिस घर में कुछ घंटों पहले तक भतीजी की शादी और गोद भराई की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब चीखपुकार मची थी।
- Legend News

Recent Comments