रिपोर्ट : LegendNews
महिला बाइक राइडर को टक्कर मारने का आरोपी कल्याण बैंसला गिरफ्तार
हरियाणा के गुरुग्राम में महिला बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ 'सिया' को अपनी तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने वाले मुख्य आरोपी कल्याण बैंसला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से ही आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था, जिसे राजस्थान के दौसा जिले से घेराबंदी करके पकड़ा गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने उस पर हत्या के प्रयास की धाराएं भी जोड़ दी हैं।
कानूनी शिकंजा कसा, दोस्तों पर भी गिरी गाज
शुरुआत में इस मामले में सेक्टर-56 थाने की पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने (BNS 281) और गंभीर चोट पहुंचाने (BNS 125) के तहत मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन मामले की गंभीरता और वायरल वीडियो के आधार पर अब इसमें BNS 109 यानी 'हत्या के प्रयास' का मामला भी जोड़ दिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी कल्याण को पनाह देने और भगाने में मदद करने के आरोप में उसके दो साथियों, निंदर और प्रमोद को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।वायरल वीडियो
पीड़ित राइडर सिया का छलका दर्द
हादसे का शिकार हुई दिल्ली निवासी लेडी बाइकर सिया ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर नया वीडियो जारी कर आरोपी के दावों की धज्जियां उड़ाईं। सिया का कहना है कि आरोपी यह कहकर सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रहा है कि बाइकर्स उसे उकसा रहे थे। सिया ने सवाल उठाया कि अगर वह बेकसूर था, तो टक्कर मारने के बाद अपनी गाड़ी रोककर हाल-चाल पूछने के बजाय सीधे रफूचक्कर क्यों हो गया? उन्होंने कहा कि इस हादसे में उनकी जान भी जा सकती थी और ऐसी घटनाएं दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान खड़ा करती हैं।
कालकाजी से एमसीडी चुनाव भी लड़ चुकी राइडर
घायल राइडर शिवानी चौहान (सिया) दिल्ली की रहने वाली हैं और पेशेवर रूप से फैशन डिजाइनर हैं। वह सोशल मीडिया पर अपने बाइकिंग कंटेंट ('रेबलव्हील्स सिया') के लिए काफी लोकप्रिय हैं। सिया के पिता रोशन चौहान और वह खुद आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े रहे हैं, सिया साल 2022 में कालकाजी से एमसीडी चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
आरोपी कल्याण बैंसला हरियाणा के पलवल का रहने वाला
32 वर्षीय आरोपी कल्याण बैंसला मूल रूप से हरियाणा के पलवल जिले के टीकरी गुर्जर गांव का निवासी है। वह एक किसान परिवार से ताल्लुक रखता है और राज्य स्तर पर कबड्डी खिलाड़ी रहने का दावा करता है। कल्याण ने पलवल में 'KBT' नाम से एक जिम शुरू किया था, जो फिलहाल भारी किराया बकाया होने की वजह से सील है। जिस कार से उसने यह हादसा अंजाम दिया, वह भारतीय सेना में तैनात उसके दोस्त मनीष की बताई जा रही है, जिसे कल्याण दो दिन पहले ही मांगकर लाया था।
आरोपी के परिवार ने इसे महज एक सड़क दुर्घटना बताया
दूसरी ओर, आरोपी के परिजनों का कहना है कि यह महज एक सड़क दुर्घटना थी और सिया ने अपने इंस्टाग्राम फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए इस मुद्दे को तूल दिया है। हालांकि, सिया के पिता रोशन चौहान ने त्वरित कार्रवाई के लिए गुरुग्राम पुलिस की सराहना की है। पुलिस फिलहाल सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है और आरोपी से गहनता से पूछताछ जारी है।
-Legend News

Recent Comments