रिपोर्ट : LegendNews
मथुरा: छात्राओं से छेड़छाड़, अपहरण व लूट का आरोपी 'भूरा' पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
मथुरा। थाना बलदेव पुलिस, स्वाट टीम और महावन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अपहरण और लूट के आरोपी ओमप्रकाश उर्फ भूरा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे के हथौड़ा अंडरपास के समीप चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया । पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमप्रकाश उर्फ भूरा (35) पुत्र राधारमण, निवासी जुलेंडी, थाना गोवर्धन (हाल निवासी नगला साखी, हरिकृपा धाम कॉलोनी, गोवर्धन) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ संजीव कुमार राय ने बताया आरोपी के खिलाफ बलदेव, महावन, गोवर्धन व कोतवाली थानों में अपहरण, लूट, छेड़छाड़, मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में 9 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। आवश्यक सख्त कार्रवाई होगी।
- Legend News

Recent Comments