सपा की पूर्व नेता और कौशांबी की चायल सीट से विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर जुबानी हमला बोला है। इतना ही नहीं, पूजा पाल ने सपा कार्यकर्ताओं की कथित गुंडागर्दी को ल्यारी राज से भी जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि कौशांबी में समाजवादी पार्टी के गुंडों का शिकार मेरे पाल समाज की बेटी बनी है। सपा पोषित गुंडों ने पाल समाज की बेटी की घृणित घटना को अंजाम दिया। यह निंदनीय है। यह बिल्कुल साफ है कि आरोपियों को समाजवादी पार्टी का शह मिली हुई है। पाल समाज की मासूम बिटिया का दोष बस इतना है कि वह अखिलेश यादव की जाति की नहीं है। 
पूजा पाल ने उठाया पाल समाज की बेटियों का मुद्दा
उन्होंने आगे कहा कि जैसे-जैसे 2027 का चुनाव नजदीक आता जाएगा, वैसे-वैसे यह गिरोह ओबीसी समाज की जातियों पर हमला करेगा। आपराधिक कृत्य करेगा। पूरे प्रदेश में सपा समर्थक अपराधियों ने आतंक मचाना शुरू कर दिया है। अभी हाल में ही विधानसभा 12 गांव लालापुर में मेरे पाल समाज की माताओं-बहनों के साथ घर में चढ़ करके मारपीट और उन्हें मारने का काम किया गया। यह भी जितना मैं निंदा कर सकूं, कम है। 
सपा कार्यकर्ताओं पर सेना के जवान को पीटने का आरोप
पूजा पाल बोलीं कि अभी बाराबंकी जिले में सेना के एक जवान को सपा कार्यकर्ताओं ने सरेआम पीट दिया। यही है सपा का ल्यारी राज। चुनाव से पहले सपा के गुंडे पूरे प्रदेश में घूमकर लोगों को धमका रहे हैं, अपराध कर रहे हैं, ओबीसी समाज को प्रताड़ित कर रहे हैं, समाज के हर वर्ग को प्रताड़ित कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने इस पूरे गैंग को छूट दे रखी है और उनका मौन समर्थन जारी है।
पूजा पाल ने CM योगी को बताया 'धुरंधर'
विधायक पूजा पाल ने कहा कि यूपी का यह सौभाग्य है और सपा के गिरोह का दुर्भाग्य है कि हमारे राज्य में एक धुरंधर मुख्यमंत्री हैं। मेरी सरकार और प्रशासन से अपील है कि पाल समाज की बेटी को न्याय मिले। मैंने पूरी जिंदगी पाल समाज की लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ती रहूंगी। मैं इन सपाइयों गुंडों के सामने ना तब झुकी थी और ना अब झुकूंगी। पाल समाज की लड़ाई मेरी लड़ाई है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).