रिपोर्ट : LegendNews
NMDC Limited ने 50 मिलियन टन लौह अयस्क का उत्पादन कर इतिहास रचा
केंद्रीय इस्पात मंत्रालय की कंपनी एनएमडीसी लिमिटेड (NMDC Limited) का नाम आपने जरूर सुना होगा। यह देश में लौह अयस्क उत्पादन करने वाली सबसे बड़ी कंपनी है। इस कंपनी को सरकार की तरफ से नवरत्न का दर्जा भी मिला है। इस कंपनी ने एक वित्तीय वर्ष में 50 मिलियन टन (MT) लौह अयस्क का उत्पादन कर इतिहास रच दिया है।
बनी देश की पहली कंपनी
यू तो इस देश में अभी लौह अयस्क का उत्पादन करने वाली कई कंपनियां हैं। इनमें सरकारी कंपनी सेल (SAIL) भी शामिल है। लेकिन एनएमडीसी देश की पहली ऐसी माइनिंग कंपनी बनी है जिसने एक साल से भी कम अवधि में ही 50 मिलियन टन का प्रोडक्शन किया है। यह उपलब्धि वित्त वर्ष 2025-26 के समापन से कुछ दिन पहले ही प्राप्त हुई है।
10 एमटी से शुरू हुआ था सफर
एनएमडीसी लिमिटेड की स्थापना सन 1958 में देश के लौह अयस्क संसाधनों को विकसित करने के लिए हुई थी। इसने वर्ष 1978 में लगभग 10 एमटी का उत्पादन किया था। पिछले दशकों के दौरान इसके उत्पादन में लगातार वृद्धि हुई है। अब यह पांच गुना बढ़कर 50 एमटी के ऐतिहासिक स्तर तक पहुंच गया है। भारत ने जिस प्रकार साल 2030 तक इस्पात निर्माण क्षमता को 300 मिलियन टन तक बढ़ाने के अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, लौह अयस्क की सुस्थिर और विश्वसनीय घरेलू आपूर्ति सुनिश्चित करना एक रणनीतिक प्राथमिकता बन गई है।
क्या कहना है कंपनी का
एनएमडीसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अमिताभ मुखर्जी ने इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए कहा: "50 मिलियन टन तक पहुंचना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है और यह एनएमडीसी 2.0 के तहत हमारी मजबूत प्रगति को दर्शाता है। जिस स्थिति तक पहुंचने में दशकों लग गए थे, उसे हमने तेज निष्पादन, जिम्मेदार खनन प्रथाओं और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के प्रति स्पष्ट प्रतिबद्धता के माध्यम से कुछ ही वर्षों में बहुत तेजी से आगे बढाया है। भारत का सबसे बड़ा लौह अयस्क उत्पादक होने के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी आती है, और यह मील का पत्थर न केवल हमारे संचालन की ताकत को दर्शाता है, बल्कि राष्ट्र के इस्पात पारिस्थितिकी तंत्र का समर्थन करने के लिए हम पर किए गए विश्वास को भी दर्शाता है।"
-Legend News

Recent Comments