रिपोर्ट : LegendNews
26वें राष्ट्रीय कृषक दिवस पर दुवासु में किसानों को बताई मत्स्य पालन की आधुनिक तकनीक
मथुरा। मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय, दुवासु में 26वें राष्ट्रीय कृषक दिवस का आयोजन आज दो चरणों में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य मत्स्य पालन को बढ़ावा देना तथा किसानों को आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में भारतीय मेजर कार्प प्रजातियों की लगभग 15,000 अंगुलिकाओं का यमुना नदी में संचयन (रैंचिंग) किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकान्त मिश्रा, दुवासु के कुलपति डॉ. अभिजीत मित्रा, जिला वन अधिकारी, अपर जिला मजिस्ट्रेट, सहायक निदेशक मत्स्य विभाग तथा अधिष्ठाता मत्स्य विज्ञान सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यमुना नदी में जैव विविधता को बढ़ावा देना तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
द्वितीय चरण के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति महोदय एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सुभादीप घोष, सहायक महानिदेशक (मत्स्य), आईसीएआर तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हाथरस, अलीगढ़ एवं मथुरा जनपदों के लगभग 120 किसानों ने भाग लिया।
इस अवसर पर देश की प्रतिष्ठित फीड एवं मेडिसिन कंपनियों द्वारा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों, पोषण एवं रोग प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। अपने संबोधन में माननीय कुलपति डॉ. अभिजीत मित्रा ने आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर मत्स्य उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को मोती पालन, झींगा पालन तथा रंगीन मछली पालन जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. सुभादीप घोष ने अपने संबोधन में मत्स्य क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं संतुलित आहार के उपयोग तथा रोग प्रबंधन के प्रति सजग रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने मत्स्य पालन को आयवृद्धि का सशक्त माध्यम बताते हुए इसे स्वरोजगार एवं उद्यमिता के रूप में विकसित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान 5 प्रगतिशील किसानों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विश्वविद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया।
- Legend News

Recent Comments