रिपोर्ट : LegendNews
राष्ट्रीय लोकतंत्र मिलन समिति ने मनायी नानाजी देशमुख व लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती
मथुरा । राजनीति व सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में अनूठे मानदण्ड स्थापित करने वाले नानाजी देशमुख व आपातकाल विरोधी आन्दोलन के नेतृत्व कर्ता लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्म जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय लोकतंत्र सेनानी मिलन समिति के तत्वावधान में समारोह का आयोजन वृन्दावन मार्ग स्थित कृष्ण चन्द्र गांधी सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज के सभागार में किया गया ।
उक्त सन्दर्भ में जानकारी देते हुए कार्यक्रम संयोजक व मिलन समिति के प्रान्त प्रभारी लोकतंत्र सेनानी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि नानाजी देशमुख व लोकनायक जयप्रकाश जैसे महापुरुषों का जीवन दर्शन युवा पीढ़ी के लिए आदर्श राजमार्ग के समान है, जिसका अनुसरण कर हर युवा राष्ट्र प्रथम की भावना को आत्मसात कर भारत माता को विश्वगुरु केसिंहासन पर आसीन करने का संकल्प सिद्ध कर सकता है।
कार्यक्रम के आरम्भ में मिलन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश राणा, संस्थापक महामंत्री आनन्द प्रकाश आर्य, उपाध्यक्ष बलवन्त सिंह निडर, मुख्यवक्ता सुशील कुमार व पूर्व पालिकाध्यक्ष भाजपा नेता वीरेन्द्र अग्रवाल ने भारतमाता व दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। तत्पश्चात यशपाल सिंह कौशिक, सुरेश गुप्ता, मोहन लाल कौशिक, गौरीशंकर अस्थाना, राजीव पाठक जी द्वारा सभी मंचासीन महानुभावों का पटका पहिना व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया । मिलन समिति के गठन व कार्यक्रम आयोजन की भूमिका पर महामंत्री आनंद प्रकाश आर्य ने विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए भारत तिब्बत वैचारिक प्रबोधन के प्रमुख सुशील कुमार जी ने वर्तमान परिदृश्य में भारत को खण्डित व समाज के विभिन्न वर्गों को विखंडित करने के षड्यंत्रों के प्रति सजग रहने व राष्ट्र निर्माण में स्वयं के योगदान की स्वयं समीक्षा करने का आव्हान किया, समस्याओं का हल बिना राजतंत्र पर निर्भर हुए स्वयं खोजने व उन्हें कार्यान्वित कर कानन को उपवन में परिवर्तित करने का कौशल नाना जी देशमुख के कृतित्व से सीखने की प्रेरणा सेनानियों को दी ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष वीरेन्द्र अग्रवाल ने सभी महापुरुषों की स्मृति में आयोजित समारोहों में सर्वसमाज के सभी सदस्यों की समान सहभागिता का आव्हान करते हुए सामाजिक समरसता की आवश्यकता पर बल दिया । कार्यक्रम का संचालन प्रान्त प्रभारी विजय बहादुर सिंह ने व धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री आनन्द प्रकाश आर्य ने किया ।
- Legend News

Recent Comments