रिपोर्ट : LegendNews
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, राहुल गांधी का लक्ष्य देश में विभाजन पैदा करना
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के चेन्नई में दिए गए बयान पर पलटवार किया है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मोगेम्बो बताते हुए आरोप लगाया था कि वह लोकतंत्र को तबाह कर रहे हैं। इस पर सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी का लक्ष्य देश में विभाजन पैदा करना है।
सरकार और प्रधानमंत्री पर लगाए जा रहे आधारहीन आरोप: त्रिवेदी
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हमारी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अनर्गल और आधारहीन आरोप लगाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि वास्तविकता में सत्य क्या है, इसे स्पष्ट करने के लिए वह एक मिनट का पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन दिखाएंगे। इससे तथ्यों और आंकड़ों की तस्वीर बिल्कुल स्पष्ट हो जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अराजकता फैलाने का अभियान चलाया जा रहा है। दुनिया की कई ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत तरक्की करे। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी इमरजेंसी की बात करते हैं, लेकिन क्या एक किलोमीटर की बैरिकेडिंग इमरजेंसी है?
राहुल गांधी देश में विभाजन पैदा करना चाहते हैं: सुधांशु त्रिवेदी
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी का लक्ष्य है कि देश में विभाजन कैसे पैदा किया जाए, जबकि भाजपा का लक्ष्य एकता है। उन्होंने राहुल गांधी के उस आरोप को भी गलत बताया, जिसमें कहा गया था कि नीट परीक्षा लागू होने से तमिल भाषा पर हमला हो रहा है। त्रिवेदी ने कहा कि तमिल भाषा का पूरा सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुआ है। इसके अलग-अलग आयामों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का प्रयास किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने तमिल संस्कृति को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई: त्रिवेदी
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग अवसरों पर तमिल भाषा, तमिल संस्कृति और तमिल प्रतीकों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है। उन्होंने तमिलनाडु में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि चेन्नई में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम किया गया है। उन्होंने बताया कि चेन्नई मेट्रो के लिए 4,900 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए 3,700 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा कराईकल-पेरलम रेल लाइन के लिए 750 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
त्रिवेदी ने कहा कि चेन्नई, वीओसी और कामराजनगर में कार्गो क्रूज सुविधाओं को उन्नत करने के लिए तीन बंदरगाहों के विकास का काम किया गया है। इसके अलावा तमिलनाडु में रेल बजट के लिए 7,611 करोड़ रुपये दिए गए हैं। राज्य के 77 रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नए सिरे से विकसित किया जाएगा।
-Legend News

Recent Comments