रिपोर्ट : LegendNews
टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी के साथ मुंबई के श्री सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे सूर्या और गौतम
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर शनिवार को टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी के साथ मुंबई के श्री सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने भगवान गणेश के दर्शन कर टीम की सफलता के लिए आशीर्वाद लिया।
इससे पहले 8 मार्च को चैंपियन बनने के बाद उन्होंने ट्रॉफी के साथ अहमदाबाद के हनुमान मंदिर में भी दर्शन किए थे। खिलाड़ियों के मंदिर जाने पर पूर्व क्रिकेटर और TMC सांसद कीर्ति आजाद ने सवाल भी उठाए थे।
वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा भी 13 मार्च को जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित प्रसिद्ध वैष्णो देवी मंदिर पहुंचे और माता रानी के दर्शन करके आशीर्वाद लिया।
अभिषेक ने वैष्णों देवी यात्रा की फोटोज पोस्ट कीं
टी-20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक ने अपनी यात्रा की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कीं और कैप्शन लिखा- जय माता दी। फोटोज में वे सफेद कुर्ता-पायजामा पहने, माथे पर तिलक लगाए और हाथ जोड़कर दर्शन करते नजर आए।
फाइनल में 52 रन की पारी खेली
अभिषेक ने टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में अहम भूमिका निभाई थी। फाइनल से पहले के मैचों में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था और लगातार 3 बार शून्य पर आउट हुए। हालांकि खिताबी मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी की। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में उन्होंने महज 21 गेंदों में 52 रन की पारी खेली।
भारत तीसरी बार चैंपियन बना
8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खेला गया था। इसमें भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन के अंतर से हराया और अपना टाइटल डिफेंड किया था। टीम इंडिया ने तीसरी बार यह टूर्नामेंट जीता था।
कप्तान सूर्या जीत के बाद हनुमान मंदिर पहुंचे
वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव 8 मार्च की देर रात ट्रॉफी के साथ अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ ICC चेयरमैन जय शाह और टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर भी मौजूद रहे।
-Legend News

Recent Comments