रिपोर्ट : LegendNews
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से होगी शुरू
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 4 नवंबर से 5 मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो रही है। इसके लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने अपनी टीम का एलान कर दिया है। मिचेल सेंटनर इस सीरीज में कीवी टीम की कमान संभालेंगे। टीम में रचिन रवींद्र, फिन एलन और टिम सीफर्ट जैसे धाकड़ प्लेयर्स शामिल हैं। लेकिन मजेदार बात यह है कि कीवी क्रिकेट बोर्ड ने इस सीरीज के लिए दो अलग-अलग स्क्वॉड चुने हैं।
इस वनडे सीरीज में जकारी फाउलकेस, विल ओ'रूर्के और बेन सियर्स नजर नहीं आएंगे, क्योंकि यह सभी खिलाड़ी चोटिल हैं।
क्यों चुनीं 2 अलग-अलग टीमें?
इस अनोखे फैसले के पीछे टेस्ट सीरीज की तैयारी बड़ी वजह है। वनडे सीरीज खत्म होते ही भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा। इसलिए कीवी टीम मैनेजमेंट अपने सीनियर प्लेयर्स को शुरुआती 3 वनडे के बाद आराम देगा, ताकि वे रेड-बॉल क्रिकेट के लिए तरोताजा रह सकें।
शुरुआती 3 वनडे में कैसी होगी कीवी टीम?
कंधे की चोट से उबरकर स्टार ऑलराउंडर रचिन रवींद्र वनडे टीम में लौट आए हैं। शुरुआती तीन मैचों में वे बैट और बॉल दोनों से जलवा बिखेरेंगे। पहले 3 वनडे में सेंटनर के साथ डेवोन कॉन्वे, टॉम लैथम, मैट हेनरी, डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स जैसे धाकड़ खिलाड़ी खेलेंगे। वहीं, काइल जेमिसन और माइकल ब्रेसवेल भी टीम का हिस्सा हैं।
आखिरी 2 वनडे में किन खिलाड़ियों की होगी सरप्राइज एंट्री?
चौथे और पांचवें वनडे के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी बेंच स्ट्रेंथ को परखने का प्लान बनाया है। इसमें टी-20 के धाकड़ बैटर फिन एलन और टिम साइफर्ट को मौका मिला है। इनके अलावा क्रिस्टियन क्लार्क, मैट फिशर, मिच हे और निक केली जैसे नए चेहरों को भी स्क्वॉड में शामिल किया गया है। कोच रॉब वाल्टर के मुताबिक, यह प्रयोग 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
क्या है भारत के न्यूजीलैंड दौरे का पूरा शेड्यूल?
दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज से पहले 5 मैचों की टी-20 सीरीज भी खेली जाएगी, जो 22 अक्टूबर से शुरू होगी। नीचे देखिए पूरा शेड्यूल
1st ODI: 4 नवंबर (ऑकलैंड, सुबह 7:30 बजे)
2nd ODI: 7 नवंबर (वेलिंगटन, सुबह 7:30 बजे)
3rd ODI: 10 नवंबर (हैमिल्टन, सुबह 7:30 बजे)
4th ODI: 13 नवंबर (माउंट माउंगानुई, सुबह 7:30 बजे)
5th ODI: 15 नवंबर (माउंट माउंगानुई, सुबह 7:30 बजे)
यहां देखिए न्यूजीलैंड की वनडे टीम
पहले तीन वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जेमिसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।
आखिरी दो वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैको डफी, मैट फिशर, मिच हे (विकेटकीपर), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), निक केली, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।
-Legend News

Recent Comments