सऊदी अरब समर्थक यमनी सरकारी बलों ने ताइज़ प्रांत में बढ़त बनाने का दावा करते हुए मोचा शहर पर अपना कंट्रोल होने की घोषणा की.
सुरक्षा बलों के मुताबिक़ बाब अल-मंदब स्ट्रेट के पास भी कई अहम ठिकानों पर क़ब्ज़ा कर लिया गया है.
इस बीच हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के भीतर कई ठिकानों को निशाना बनाकर नए हमले करने का दावा किया है.
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब सऊदी के नेतृत्व वाला गठबंधन हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर हवाई हमले तेज़ कर रहा है.
यमन की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने हाल ही में ‘यमन डॉन’ नाम से बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया है. इस अभियान का मक़सद सरकारी संस्थानों को फिर से स्थापित करना, हूतियों के हाल में क़ब्ज़े में लिए गए इलाक़ों को वापस लेना और हूती विद्रोह को समाप्त करना है.
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने भी इस सैन्य अभियान में शामिल होने की घोषणा की है. गठबंधन ने सोमवार को हूती ठिकानों पर हवाई हमले किए. गठबंधन के प्रवक्ता के अनुसार, इन हमलों में क़रीब 100 लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया और हूतियों के 324 ठिकानों को निशाना बनाया गया.
ताइज़ प्रांत और उसके आसपास जारी संघर्ष में पिछले 24 घंटों के दौरान 70 से अधिक लोगों के मारे जाने की ख़बर है. संघर्ष में शामिल दोनों पक्षों के स्रोतों ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है.
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).