रिपोर्ट : LegendNews
इसराइल-अमेरिका और ईरान के बीच शुरू हुए संघर्ष से जुड़ी आज की प्रमुख खबरें
इसराइली सेना ने पुष्टि की है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान और लेबनान की राजधानी बेरूत में हमले किए हैं. सेना ने एक बयान में कहा कि वह तेहरान और बेरूत में सैन्य ठिकानों पर एक साथ निशाना बनाकर हमले कर रहा है.
आईडीएफ़ के अरबी भाषा के प्रवक्ता अविचे अद्रई ने कहा, "बड़े पैमाने पर हवाई हमलों जारी हैं." ये हमले उस समय हुए जब क़रीब एक घंटे पहले आईडीएफ़ ने बेरूत के दक्षिणी इलाक़ों और कई गाँवों के लोगों को चेतावनी जारी कर वहां से निकलने के लिए कहा था.
आईडीएफ ने कहा था कि वह हिज़्बुल्लाह के कमांड सेंटर और हथियार भंडारण ठिकानों को निशाना बना रहा है.
ईरान की मीडिया का दावा: बहरीन में अमेरिकी एयरबेस को तबाह किया
खबरें आ रही हैं कि ईरान के हमले में बहरीन में स्थित एक अमेरिकी एयरबेस को नुक़सान पहुंचा है.
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर से जुड़ी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी की ओर से जारी वीडियो में दूर के ठिकानों पर रॉकेट हमले होते दिखाई दे रहे हैं.
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आईआरजीसी के ड्रोन और मिसाइल हमले में बहरीन के शेख ईसा इलाके़ में मौजूद अमेरिकी एयरबेस के कमांड और स्टाफ़ बिल्डिंग को नष्ट कर दिया गया और ईंधन टैंकों में विस्फोट हुआ.
हालांकि इन हमलों पर अभी तक अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
इससे पहले बहरीन में अमेरिकी नौसैनिक अड्डे से धुआं उठता हुआ देखा गया था.
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बहरीन समेत मध्य पूर्व के कई देशों में रह रहे अपने नागरिकों को तुरंत वहां से निकलने का निर्देश दिया है.
ट्रंप ने रियाद में अमेरिकी दूतावास पर हुए हमले को लेकर कहा, जल्द ही जवाब दिया जाएगा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रियाद में अमेरिकी दूतावास पर हुए हमले का 'जल्द ही' जवाब दिया जाएगा.
केबल नेटवर्क न्यूज़ नेशन की एक पत्रकारने एक्स पर लिखा कि ट्रंप ने उनसे यह भी कहा कि उन्हें 'नहीं लगता कि ईरान के अंदर सेना तैनात करने की जरूरत होगी.'
सोमवार को अमेरिका ने कहा था कि हालिया लड़ाई में उसके छह सैनिक मारे गए और 18 घायल हुए हैं. मंगलवार सुबह सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर दो ड्रोन से हमला किया गया.
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि इस हमले से हल्की आग लगी और इमारत को मामूली नुक़सान हुआ है.
ईरान में स्कूल और अस्पताल पर हुए हमले को लेकर राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान क्या बोले?
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा कि अमेरिका और इसराइल के हमले 'मानवीय सिद्धांतों का खुला उल्लंघन' हैं.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अस्पतालों पर हमले ज़िंदगी पर हमला हैं. स्कूलों पर हमले किसी देश के भविष्य को निशाना बनाते हैं. मरीजों और बच्चों को निशाना बनाना मानवीय सिद्धांतों का साफ़ उल्लंघन है."
पेज़ेश्कियान ने कहा, "दुनिया को इसकी निंदा करनी चाहिए. मैं अपने शोक में डूबे देश के साथ खड़ा हूं. ईरान इन अपराधों पर चुप नहीं रहेगा और न ही झुकेगा."
ईरानी अधिकारियों के मुताबिक़ ईरान में एक स्कूल पर हुए हवाई हमले में कई बच्चों समेत 153 लोग मारे गए हैं.
-Legend News

Recent Comments