रिपोर्ट : LegendNews
अमरीकियों को खुश करने के लिए ऐसे बेतुके बयान देते रहते हैं ट्रंप: ईरान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क की एक रैली में कहा कि वो जल्द ही होर्मुज स्ट्रेट को अमेरिका का क्षेत्र घोषित कर देंगे, इसे ईरान ने हास्यास्पद कहा है.
ईरान के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि ट्रंप की टिप्पणी ईरानी संसद की ओर से होर्मुज़ पर नियंत्रण करने की योजना के जवाब में थी.
ईरानी विदेश मंत्रालय के संसदीय महानिदेशक हुसैन नौशाबादी ने सरकारी न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए से कहा, "इस तरह के हास्यास्पद, बेतुके और विवादास्पद बयान केवल डोनाल्ड ट्रंप अपने देश के लोगों को ख़ुश करने के लिए देते हैं."
नौशाबादी ने कहा, "ईरान और ओमान की ओर से शांति काल के लिए इस समुद्री मार्ग के प्रबंधन की व्यवस्था तैयार करने का नज़रिया ईरान की स्थिति को प्रभावी रूप से स्थिर करेगा, लेकिन ऐसा लगता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति एक रणनीतिक दुविधा में हैं और झूठे दावों से दुनिया का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं."
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि वे होर्मुज़ स्ट्रेट से होकर एक अस्थायी मार्ग के लिए ओमान के साथ बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी के बावजूद, इस समझौते को अंतिम रूप देने का मतलब यह नहीं होगा कि ईरान इस समुद्री मार्ग को फिर से खोल देगा.
ट्रंप ने कहा था, "ईरान को हराने के बाद, जो कि बुरी तरह हार चुका है बहुत जल्द ही हम होर्मुज़ स्ट्रेट को अमेरिकी क्षेत्र घोषत कर रहे हैं. हमने वहां नाकेबंदी कर रखी है. हमारी अनुमति के बिना वहां से कोई जहाज़ नहीं गुज़र सकता."
इससे पहले ईरान के उप विदेश मंत्री काज़िम ग़रीबाबादी ने ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा, "जब तक आप भ्रम में जीना जारी रखेंगे, ईरान नाकेबंदी जारी रखेगा."
ग़रीबाबादी ने एक्स पर लिखा, "ट्रंप ने कहा है कि ईरान की हार के बाद वह जल्द ही होर्मुज़ स्ट्रेट को अमेरिकी क्षेत्र घोषित करेंगे. होर्मुज़ को किसी ट्वीट, विमानवाहक पोत, कार्यकारी आदेश या चुनावी भाषण के ज़रिए क़ब्ज़े में नहीं लिया जा सकता. ईरान न तो धमकियों से डरता है और न ही ताक़त के प्रदर्शन से पीछे हटता है."
भारत में ईरान के दूतावास ने एक्स पर अपने पोस्ट में ग़रीबाबादी के जवाब को शेयर करते हुए लिखा, "हक़ीक़त को एक बार, और हमेशा के लिए स्वीकार करें. अब तक आपको गंभीर और रणनीतिक हार का सामना करना पड़ा है. होर्मुज़ पहले भी ईरान का था, अब भी ईरान का है और आगे भी ईरान का रहेगा."
"यह केवल ईरान के आदेश पर बंद है और ईरान के आदेश पर ही दोबारा खोला जाएगा. जब तक आप अपनी हार की हक़ीक़त को मानने से इनकार करते रहेंगे और भ्रम में रहेंगे, ईरान नाकेबंदी जारी रखेगा."
-Legend News

Recent Comments