रिपोर्ट : LegendNews
यूपी: ट्रक में पीछे से घुसी अर्टिगा कार, देवरिया के तीन खिलाड़ियों की मौत
अयोध्या। तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ रही एक अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर होकर लोहे के मलबे में तब्दील हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय राहगीर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
गेट तोड़कर बाहर निकाले गए लोग
टक्कर के प्रभाव से कार के दरवाजे बुरी तरह पिचक गए थे, जिसके चलते अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। राहत दल और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के गेट तोड़कर सभी सवारों को बाहर निकाला। आनन-फानन में सभी छह घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अयोध्या मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य का गहन उपचार चल रहा है।
तीन खिलाड़ियों की मौत, देवरिया में मातम
मृतकों की शिनाख्त देवरिया जनपद निवासी नित्या प्रजापति 22, इरफान अंसारी 20 और अनिकेत 24 के तौर पर हुई है। ये सभी खेल गतिविधियों से जुड़े बताए जा रहे हैं। वहीं घायलों में देवरिया के ही आनंद यादव 23, राजू 22 और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रहने वाले जयंतो शर्मा 30 शामिल हैं, जिनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सो रहे थे, अचानक जोरदार धमाके से खुली नींद
हादसे में घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि सफर के दौरान कार में सवार सभी लोग सो रहे थे। अचानक हुए तेज धमाके और झटके से उनकी नींद खुली तो देखा कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में घुसी हुई थी और साथी खून से लथपथ थे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है।
-Legend News

Recent Comments