रिपोर्ट : LegendNews
यूपी: मेरठ के चर्चित सांप कांड में पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप दोषी करार
मेरठ के चर्चित सांप कांड में बुधवार को अदालत ने पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को अमित के कत्ल के लिए दोषी ठहरा दिया। 17 महीने चली सुनवाई के बाद अपर जिला जज (एडीजे) की कोर्ट में यह साबित हो गया कि पति को नाजायज संबंधों की भनक लगने के चलते रविता ने अमरदीप के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची। अमित को बेरहमी से गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया गया और फिर इसे एक सामान्य मौत का रूप देने के इरादे से लाश के नीचे एक सांप छोड़ दिया गया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को गिल्टी होल्ड करने के बाद सजा सुनाने के लिए 16 अक्टूबर की तारीख मुकर्रर की है। अदालत के बुधवार के फैसले के बाद अब कानूनी जानकरों का कहना है कि दोनों को फांसी या उम्रकैद में से कोई भी सजा हो सकती है। मेरठ के नीला ड्रम कांड के बाद इस सांप कांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।
क्या था पूरा मामला?
यह सनसनीखेज घटना करीब 17 महीने पहले सामने आई थी, जब अमित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआती जांच में इसे एक सामान्य सांप काटने की घटना यानी प्राकृतिक मौत माना जा रहा था। 13 अप्रैल 2025 की सुबह अमित की लाश उसके बिस्तर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिली थी। लाश के नीचे एक जिंदा घोड़ा पछाड़ सांप दबा हुआ था। शरीर पर सांप के डंसने के 10 निशान भी मिले थे। उस समय पत्नी रविता ने दावा किया था कि अमित की मौत सांप के डंसने के चलते हुई है। हालांकि, जब मामले की तह तक पुलिस और फॉरेंसिक जांच पहुंची, तो अमित की मौत के पीछे एक खतरनाक और खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ।
अवैध संबंध बने मौत की वजह
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सांप का डसना नहीं, बल्कि दम घुटना सामने आया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर की रिपोर्ट और कोर्ट में दी गई गवाही अभियोजन के मामले में अहम रही। रिपोर्ट के अनुसार अमित की मौत गला, नाक और मुंह दबाने के चलते दम घुटने से हुई थी। पोस्टमार्टम में यह भी सामने आया आया कि बड़ी बेरहमी से अमित की हत्या की गई। गला दबाए जाने के कारण उसकी गर्दन की हायोइड हड्डी और थायरॉइड कार्टिलेज टूट गई थी। मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर अभियोजन ने इसे हत्या का मामला बताया।
रविता और अमरदीप ने मिलकर रची अमित के कत्ल की साजिश
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक अमित की पत्नी रविता के संबंध अमरदीप नाम के युवक के साथ थे। दोनों ने मिलकर अमित को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा था। प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया, ताकि वे अपने अवैध संबंधों के रास्ते का कांटा हमेशा के लिए हटा सकें। आरोपियों ने इस कत्ल को एक दुर्घटना या सांप के डसने से हुई मौत साबित करने की पूरी कोशिश की थी, ताकि किसी को शक न हो।
अब 16 अक्टूबर को सजा का इंतजार
अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए पुख्ता सबूतों, गवाहों के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर कोर्ट ने दोनों आरोपियों को इस जघन्य हत्याकांड का दोषी माना है। अब सभी की निगाहें 16 अक्टूबर पर टिकी हैं, जब अदालत दोनों दोषियों को उनके किए गए अपराध के लिए सजा सुनाएगी। इस फैसले को न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम बताया जा रहा है।
-Legend News

Recent Comments