रिपोर्ट : LegendNews
ACP विवेक भगत का महिला पत्रकारों से छेड़छाड़ वाला वीडियो फर्जी: दिल्ली पुलिस
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में चल रहे प्रोटेस्ट के बीच वर्दी पर दाग लगाने की कोशिश में नदीम अहमद नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। 24 साल के नदीम पर आरोप है कि उसने एआई का इस्तेमाल करते हुए फर्जी वीडियो बनाया जिसमें एसीपी विवेक भगत को कथित तौर पर महिला पत्रकार से छेड़छाड़ करते हुए दिखाया गया। पुलिस का कहना है कि नदीम ने इस फर्जी वीडियो को वायरल करके कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने और तनाव पैदा करने की कोशिश की। पुलिस अब जांच को आगे बढ़ाते हुए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने अकेले ही ऐसी साजिश रची या कुछ और लोग भी इसमें शामिल थे।
एडिशनल डीसीपी मनजीत ने प्रेस कॉन्फेंस में कहा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने पाया कि इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कुछ रील वायरल की जा रही है, जिसे प्रोटेस्ट साइड का ओरिजनल वीडियो बताया जा रहा है। इस फर्जी सीसीटीवी फुटेज में दिखाया जा रहा है कि वर्दी पहना अधिकारी महिला प्रदर्शनकारियों के साथ गलत हरकत कर रहा है। उसमें यह भी बताया गया है कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा पुलिसवाला दिल्ली पुलिस का सीनियर अधिकारी है। नई दिल्ली साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। पता चला कि न्यूज़ आईना नाम का एक चैनल ने इस वीडियो को अपलोड किया। जांच में नदीम अहमद पकड़ा गया।'
नदीम अहमद मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और खुद को स्वतंत्र पत्रकार बताता है। अलग-अलग मुद्दों पर वीडियो बनाकर वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करता है। इसकी शुरुआत उसने 2020 में दिल्ली में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान की थी। पुलिस उसके डिजिटल रिकॉर्ड को खंगाल कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह पहले भी इस तरह के फर्जी वीडियो बनाकर अफवाह फैला चुका है।
नदीम की गिरफ्तारी ऐसे समय पर हुई है जब 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कई संगठनों ने प्रदर्शन किया। एसीपी विवेक भगत समेत पुलिसकर्मियों पर तीन महिला पत्रकारों के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगाए गए। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रान्च इन आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस ने जोर देकर बताया कि नदीम का एआई वीडियो उन आरोपों से अलग है। पुलिस ने फर्जी वीडियो बनाने को लेकर नदीम के खिलाफ केस दर्ज किया है।
10वीं फेल और एआई से करता है खेल
दिल्ली पुलिस के मुताबिक 24 साल का नदीम अहमद मूल रूप से हरियाणा के पलवल का रहने वाला है। जांचकर्ताओं के मुताबिक, वह साकेत के एक मदरसे में पढ़ा है और 10वीं क्लास में फेल होने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। हालांकि, उसने वीडियो बनाना, एआई का इस्तेमाल करना आदि सीख लिया है। नदीम ने इस साल अप्रैल में यूट्यूब चैनल बनाया था और इंस्टाग्राम पर भी उसे 24 हजार लोग फॉलो करते हैं। नदीम के खिलाफ बीएनएस की धारा 353, 352, 336 और अन्य प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया गया है।
-Legend News

Recent Comments