रिपोर्ट : LegendNews
विश्व अर्थराइटिस दिवस: अब बुढ़ापे की बीमारी नहीं रही गठिया
12 अक्टूबर को विश्व गठिया दिवस (World Arthritis Day) मनाया जाता है. इसका मकसद गठिया यानी आर्थराइटिस के प्रति लोगों को जागरूक करना है. महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के आंकड़े बताते हैं कि यह बीमारी कितनी तेजी से बढ़ रही है.
हड्डी रोग (ऑर्थो) विभाग की ओपीडी में हर रोज करीब 150 से 200 मरीज सिर्फ जोड़ों के दर्द, गठिया और सायटिका की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं. इनमें बड़ी संख्या महिलाओं और 30 से 45 वर्ष के है जो घुटनों के दर्द से परेशान हैं.
पहले इसे सिर्फ 60 साल के बाद की बीमारी माना जाता था, लेकिन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के अनुसार अब 30 से 40 साल के युवा भी इसके शिकार हो रहे हैं. गलत खानपान, मोटापा, घंटों एक जगह बैठकर काम करना और व्यायाम न करना इसके बड़े कारण हैं.
ये गठिया (अर्थराइटिस) बीमारी क्या है
गठिया जोड़ों से जुड़ी बीमारी है. इसमें जोड़ों में सूजन, दर्द और अकड़न आ जाती है. इसके 100 से ज्यादा प्रकार हैं, लेकिन सबसे आम ऑस्टियोआर्थराइटिस (हड्डी घिसना) और रूमेटॉइड आर्थराइटिस (इम्यून सिस्टम की गड़बड़ी से) है. आयुर्वेद में इसे आमवात कहा जाता है.
डॉक्टर गठिया बीमारी के लक्षणों को समझने और उसे नज़रंदाज़ नहीं करने के लिए सलाह देते हैं. लक्षणों को पहचान कर इस बीमारी से बचा जा सकता है.
निदान होता कैसे है
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर लक्षणों के आधार पर जांच कराते हैं. X-Ray से हड्डी घिसने का पता चलता है, RA Factor और CRP टेस्ट से रूमेटॉइड की पहचान होती है. यूरिक एसिड टेस्ट गाउट के लिए और MRI से शुरुआती स्टेज में जोड़ों की स्थिति देखी जाती है.
इलाज़ के 4 रास्ते - एलोपैथ, आयुर्वेद, होम्योपैथ और आयुष
एलोपैथी उपाय - दवाइयां, फिजियोथेरेपी, एक्सरसाइज और गंभीर मामलों में जोड़ प्रत्यारोपण (Knee Replacement) से मरीज सामान्य जीवन जी सकता है.
आयुर्वेदिक उपाय - पेट में आम (टॉक्सिन) बनने से आमवात होता है. इसमें लहसुन, अदरक, हल्दी, अश्वगंधा, गुग्गुलु फायदेमंद है. पंचकर्म में बस्ती कर्म और पिंड स्वेद से जकड़न कम होती है. ठंडी, खट्टी चीजें और दही-मैदा से परहेज़ ज़रूरी है. इसके अलावा कई अच्छी दवाएं है.
होम्योपैथिक उपाय: गठिया का जड़ से इलाज संभव है. लक्षणों के आधार पर Rhus Tox, Bryonia, Arnica जैसी दवाएं दी जाती हैं, जो बिना साइड इफेक्ट के सूजन और दर्द को कंट्रोल करती हैं.
आयुष विभाग की 5 सलाह: आयुष विभाग गठिया की बीमारी से निजात पाने के लिए कई ज़रूरी सलाह भी देता है. उसका पालन करने से मरीज़ को फायदा मिलता है और इलाज़ में हेल्प मिलती है. गठिया के मरीजों को सलाह है कि अगर 2 हफ्ते से ज्यादा जोड़ों में दर्द और जकड़न है, तो तुरंत डॉक्टर से मिलें. देसी तेल मालिश से दर्द दबाने से बीमारी अंदर ही अंदर बढ़ती जाती है.
- Legend News

Recent Comments